प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पोलैंड के वारसॉ में कोल्हापुर स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री मोदी ने कहा कि यह स्मारक कोल्हापुर के महान शाही परिवार को एक श्रद्धांजलि है। श्री मोदी ने कहा कि यह शाही परिवार द्वितीय विश्व युद्ध की भयावहता के कारण विस्थापित पोलिश महिलाओं एवं बच्चों को आश्रय देने में अग्रणी था।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 21 अगस्त, 2024 को पोलैंड के वारसॉ में कोल्हापुर मेमोरियल पर पुष्पांजलि और श्रद्धांजलि अर्पित की।
यह स्मारक द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान कोल्हापुर रियासत द्वारा पोलैंड के लोगों के लिए दिखाई गई उदारता को समर्पित है। कोल्हापुर के वलीवाडे में स्थापित शिविर ने युद्ध के दौरान पोलैंड के लोगों को आश्रय दिया था। इस बस्ती में महिलाओं और बच्चों सहित करीब 5,000 पोलैंड के शरणार्थी रहते थे। इस स्मारक पर प्रधानमंत्री ने कोल्हापुर शिविर में रहने वाले पोलैंड के लोगों और उनके वंशजों से मुलाकात की।
प्रधानमंत्री के स्मारक का दौरा भारत और पोलैंड के बीच विशेष ऐतिहासिक संबंध को उजागर करता है, जिसे लगातार पोषित एवं संवर्धित किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों से प्रेरित होकर, कोल्हापुर के महान शाही परिवार ने मानवता को हर चीज से ऊपर रखा और पोलिश महिलाओं एवं बच्चों के लिए सम्मान का जीवन सुनिश्चित किया।
प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया;
“वारसॉ में कोल्हापुर स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। यह स्मारक कोल्हापुर के महान शाही परिवार को एक श्रद्धांजलि है। यह शाही परिवार द्वितीय विश्व युद्ध की भयावहता के कारण विस्थापित पोलिश महिलाओं एवं बच्चों को आश्रय देने में अग्रणी था। छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों से प्रेरित होकर, कोल्हापुर के महान शाही परिवार ने मानवता को हर चीज से ऊपर रखा और पोलैंड की महिलाओं एवं बच्चों के लिए सम्मान का जीवन सुनिश्चित किया। करुणा का यह कार्य पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।”