अगर कोई देश या आतंकवादी संगठन भारत में आतंक फैलाता है, तो उसके परिणाम ऑपरेशन सिंदूर से भी ज़्यादा गंभीर होंगे: लोक सभा अध्यक्ष
राष्ट्रीय सुरक्षा के मामलों में हम सामूहिक हित की भावना से आगे बढ़ें : लोक सभा अध्यक्ष
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता के स्पष्ट लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है: लोक सभा अध्यक्ष
भगवान बिरसा मुंडा ने आदिवासी सम्मान और स्वाभिमान के लिए बहादुरी से लड़ने की प्रेरणा दी : लोक सभा अध्यक्ष
विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए सामूहिक प्रयास, प्रौद्योगिकी, प्रतिस्पर्धा और कौशल विकास महत्वपूर्ण हैं: लोक सभा अध्यक्ष
लोक सभा अध्यक्ष ने जमशेदपुर में सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्लेटिनम जुबली समारोह में प्रतिनिधियों को संबोधित किया।
नई दिल्ली/जमशेदपुर 25 मई 2025: राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति भारत के दृढ़ संकल्प और आतंकवाद के विरुद्ध कड़े रुख पर जोर देते हुए, लोक सभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने भारत के सशस्त्र बलों की प्रतिबद्धता और वीरता की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत को अपने सशस्त्र बलों के शौर्य, साहस और दृढ़ संकल्प पर गर्व है। उन्होंने आगाह किया कि यदि कोई देश या आतंकवादी संगठन भारत में आतंक फैलाता है, तो इसके परिणाम ऑपरेशन सिंदूर से भी अधिक गंभीर होंगे। उन्होंने कहा कि भारत ने न केवल अपने आंतरिक सुरक्षा तंत्र को मजबूत किया है, बल्कि इस संबंध में दुनिया को एक स्पष्ट और दृढ़ संदेश भी दिया है। उन्होंने यह आग्रह भी किया कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मामलों में हम सामूहिक हित की भावना से आगे बढ़ें।
श्री बिरला ने सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्लेटिनम जुबली समारोह में उपस्थित विशिष्ट लोगों को संबोधित करते हुए आज ये टिप्पणियां कीं।

लोक सभा अध्यक्ष के तौर पर झारखंड की अपनी पहली यात्रा पर आए श्री बिरला ने रांची के बिरसा चौक पर भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धासुमन अर्पित किए और बिरसा मुंडा संग्रहालय भी गए । इस अवसर पर श्री बिरला ने देश के विकास में आदिवासी समुदाय के योगदान की सराहना की ।
श्री बिरला ने झारखंड की धरती को नमन करते हुए कहा कि यह एक ऐसा क्षेत्र है जहां से देश को भगवान बिरसा मुंडा और जमशेदजी टाटा जैसे महानुभाव मिले । उन्होंने यह भी कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने आदिवासी सम्मान और स्वाभिमान के लिए बहादुरी से लड़ने की प्रेरणा दी । श्री बिरला ने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि जमशेदजी टाटा ने अपने विजन से स्वतंत्रता से बहुत पहले भारत के औद्योगिक विकास की नींव रखी।
