Breaking News

भूटान के प्रधान मंत्री ने राष्ट्रपति से मुलाकात की

भूटान के प्रधान मंत्री महामहिम दाशो शेरिंग टोबगे ने आज (15 मार्च, 2024) राष्ट्रपति भवन में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।

भारत में भूटानी प्रधान मंत्री का स्वागत करते हुए, राष्ट्रपति ने इस तथ्य की सराहना की कि उन्होंने पद की शपथ लेने के बाद अपनी पहली विदेश यात्रा के लिए भारत को चुना। उन्होंने कहा कि भारत और भूटान के बीच घनिष्ठ और अद्वितीय संबंध हैं, जो सभी स्तरों पर आपसी विश्वास, सद्भावना और समझ पर आधारित हैं। उन्होंने कहा कि बौद्ध धर्म की साझा आध्यात्मिक विरासत दोनों देशों को जोड़ती है। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि भारत भूटान के साथ ऊर्जा सहयोग, विकास साझेदारी, लोगों से लोगों के बीच संबंध, व्यापार और निवेश संबंधों जैसे क्षेत्रों में फैली अपनी बहुआयामी साझेदारी को गहराई से महत्व देता है।

राष्ट्रपति ने कहा कि भूटान एक विश्वसनीय मित्र और भागीदार के रूप में भारत पर भरोसा कर सकता है। उन्होंने कहा कि भूटान के लोगों की सामाजिक-आर्थिक भलाई और समृद्धि को बढ़ाने की दिशा में विकास सहयोग क्षेत्र में भूटान के साथ साझेदारी करना भारत के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत की विकास साझेदारी भूटान की प्राथमिकताओं और आकांक्षाओं, खासकर युवाओं की आकांक्षाओं से निर्देशित होती रहेगी।

 

Check Also

नशा मुक्त भारत अभियान की छः साल के मौके पर 18 अगस्त 2026 को मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ राष्ट्रीय संकल्प लिया जाएगा।

18 अगस्त 2026 को देश में नशा मुक्त भारत अभियान के 6 साल पुरे होने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *