Breaking News

पशुपालन और डेयरी विभाग 21वीं पशुधन गणना के लिए रणनीतिक कार्यशाला आयोजित करेगा।

केंद्रीय मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह कार्यशाला का उद्घाटन करेंगे

प्रतिभागियों को उच्च गुणवत्ता वाले आंकड़ों का संग्रह सुनिश्चित करने के लिए डेटा मिलान रणनीतियों पर प्रशिक्षित किया जाएगा और विभिन्न पंजीकृत नस्लों से परिचित कराया जाएगा

मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय के अन्तर्गत पशुपालन और डेयरी विभाग आगामी 21वीं पशुधन गणना के लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को रणनीति बनाने तथा सशक्त बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कार्यशाला आयोजित करने के लिए तैयार है। कार्यशाला 25 जून, 2024 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में होगी, जहां केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह मुख्य अतिथि होंगे। मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी राज्य मंत्री प्रो. एस. पी. सिंह बघेल और श्री जॉर्ज कुरियन और पशुपालन और डेयरी विभाग की सचिव सुश्री अलका उपाध्याय भी उपस्थित होंगी।

कार्यशाला का प्राथमिक उद्देश्य राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के अधिकारियों को 21वीं पशुधन गणना का कुशलतापूर्वक संचालन करने के लिए एक मोबाइल ऐप और सॉफ्टवेयर सहित आवश्यक साधनों से लैस करना है। प्रतिभागियों को उच्च गुणवत्ता वाले डेटा का संग्रह सुनिश्चित करने के लिए डेटा मिलान रणनीतियों पर भी प्रशिक्षित किया जाएगा और विभिन्न पंजीकृत नस्लों से परिचित कराया जाएगा।

पशुधन गणना 1919 में प्रारंभ होने के बाद से प्रत्येक पांच वर्ष में आयोजित की जाने वाली एक महत्वपूर्ण कार्य है, जो नीति निर्माण और पशुपालन क्षेत्र में अनेक कार्यक्रमों को लागू करने के लिए महत्‍वपूर्ण है। यह व्यापक घर-घर सर्वेक्षण देश भर में पालतू जानवरों और पक्षियों पर विस्तृत डेटा लेता है। सितंबर से दिसंबर 2024 तक होने वाली 21वीं पशुधन गणना में डेटा संग्रह और प्रसार के लिए मोबाइल प्रौद्योगिकी को शामिल किया जाएगा, जिससे देश के सभी गांवों और शहरी वार्डों में प्रक्रिया की सटीकता और दक्षता बढ़ेगी।

उद्घाटन समारोह के बाद कार्यशाला प्रारंभ होगी। इसमें पशुधन गणना पद्धति पर विस्तृत सत्र, मोबाइल एप्लिकेशन और सॉफ्टवेयर डैशबोर्ड पर प्रशिक्षण तथा प्रतिभागियों के प्रश्नों और चिंताओं का समाधान करने के लिए एक ओपन हाउस चर्चा होगी।

कार्यक्रम में केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी राज्य मंत्री प्रो. एस. पी. सिंह बघेल और श्री जॉर्ज कुरियन भी शामिल होंगे। कार्यशाला में उपस्थित होने वाले प्रमुख लोगों में पशुपालन और डेयरी विभाग की सचिव सुश्री अलका उपाध्याय, विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रधान सचिव/सचिव, 21वीं पशुधन गणना के लिए तकनीकी समिति के सदस्य और भारत के महापंजीयक शामिल हैं।

पशुपालन और डेयरी विभाग 21वीं पशुधन गणना की सफलता सुनिश्चित करने के लिए सभी हितधारकों को इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में भाग लेने के लिए आमंत्रित करता है।

 

 

Check Also

खजूर : खजूर खाने का सही समय क्या हैं ? जानिए कब और कैसे सबसे अधिक लाभ प्राप्त करें ।

खजूर एक पौष्टिक सूखा फल है , जिसे प्राकृतिक ऊर्जा का एक महान स्रोत माना …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *