पूरी दुनिया आज विकासशील भारत के हमारे संकल्प के बारे में चर्चा कर रही है, जो उन बदलावों, विशेष रूप से बुनियादी ढाँचे को दर्शाता है, जिन पर एक विकसित भारत की इमारत का निर्माण हो रहा है: प्रधानमंत्री
हमने एक राष्ट्र, एक गैस ग्रिड के दृष्टिकोण पर काम किया है और प्रधानमंत्री ऊर्जा गंगा परियोजना बनाई है: प्रधानमंत्री मोदी
हमें वर्ष 2047 तक भारत को विकसित बनाना है, हमारा मार्ग है – विकास के माध्यम से सशक्तिकरण, रोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भरता और संवेदनशीलता के माध्यम से सुशासन: प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में 5,400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि इस्पात नगरी के रूप में विख्यात दुर्गापुर भारत की श्रम शक्ति का एक प्रमुख केंद्र भी है। उन्होंने भारत के विकास में इसके महत्वपूर्ण योगदान की प्रशंसा की। श्री मोदी ने कहा कि आज का दिन इस भूमिका को और सशक्त करने का अवसर है। श्री मोदी ने इस बात पर बल दिया कि आज शुरू की गई परियोजनाएँ क्षेत्र में संपर्क को बेहतर बनाएँगी, गैस-आधारित परिवहन और गैस-आधारित अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहन देंगी और दुर्गापुर की इस्पात नगरी के रूप में पहचान को और मज़बूत करेंगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएँ “मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड” के दृष्टिकोण के अनुरूप हैं और पश्चिम बंगाल को आगे बढ़ाने में सहायता करेंगी। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के युवाओं के लिए रोज़गार के अनेक नए अवसर पैदा होंगे। श्री मोदी ने इन विकास परियोजनाओं के लिए सभी को हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।